12 साल बाद पाेकरण से आज शुरू होगा मरु महोत्सव गांधी चौक से निकलेगी शाेभायात्रा, होगी कई प्रतियोगिताएं

देश और दुनिया में दूर दूर तक पहचान रखने वाला जैसलमेर का मरु महोत्सव 6 फरवरी से शुरू होगा और चार दिन तक चलेगा। महोत्सव के सभी आयोजनों को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। मरु महोत्सव के पहले दिन 6 फरवरी को पोकरण में गांधी चौक से शोभायात्रा निकलेगी जो कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर संपन्न होेगी। 


शहर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल प्रांगण में मरु महोत्सव के दौरान कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से मिस पोकरण और मिस्टर पोकरण की प्रतियोगिता आकर्षण का केन्द्र रहेगी। वहीं प्रतियोगिताओं में रस्सा कस्सी, मटका रेस, मलखम, कबड़डी, ऊंट सज्जा, मेहंदी मांडना, रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी जाएगी। वहीं झांकियां व प्रदर्शनियां आदि आयोजित की जाएगी।मरु महोत्सव कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को सुबह 9 बजे शहर के गांधी चौक से समारोह स्थल के लिए रवाना होगी। जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी। इस शोभा यात्रा में विभिन्न झांकियों के साथ साथ कई कार्यक्रम भी होंगे। 



पोकरण शहर में पिछले 12 वर्षों के बाद एक बार फिर से मरु महोत्सव कार्यक्रम का आगाज होने के साथ ही जहां स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय प्रशासन भी एक दिन पहले व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शहर के गांधी चौक से लेकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान तक सड़क पर हुए गड्ढ़े पर पेचवर्क का कार्य करवाया जा रहा है। इसके साथ ही आयोजन स्थल पर की जाने वाली तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



धोरों पर होगी प्रतियोगिता
महोत्सव के तीसरे दिन 8 फरवरी को सुबह 9 बजे डेडानसर में विभिन्न मनोहारी स्पर्धाएं शुरू होंगी। इसमेंं ऊंट श्रृंगार, शान ए मरुधर, रस्साकशी भारतीय एवं विदेशी महिला पुरुषों के लिए प्रतियोगिताएं, आर्मी बैंड प्रदर्शन, एयरफोर्स द्वारा एयर वाॅरियर ड्रिल शो, केमल पोलो मैच, कबड्डी, महिलाओं के लिए पणिहारी मटका रेस, बीएसएफ द्वारा केमल टेटू शो के कार्यक्रम होंगे। शनिवार दोपहर 3.30 बजे खुहड़ी में रेत के धोरों पर कैमल रेस शो, रस्साकशी, सेंड आर्ट डिस्प्ले एवं अन्य कार्यक्रम होंगे। शाम 6.30 बजे लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद आतिशबाजी की जाएगी।



रविवार को कुलधरा, दामोदरा व सम में होगी म्यूजिकल नाइट
मरु महोत्सव के चौथे और अंतिम दिन 9 फरवरी को सुबह 10 बजे कुलधरा में कैटल शो, रंगोली के कार्यक्रम होंगे। इसके बाद दामोदरा रण में सुबह 11 बजे लक्ष्मीनाथ होर्स रेस एवं डांस शो होगा। इसके बाद सम में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इससे पूर्व सुबह 10 से शाम 6 बजे तक सम के धोरों पर काईट फ्लाइंग शो होेगा। सम के रेतीले धोरों पर रविवार रात 8 बजे ऋचा शर्मा की सेलिब्रिटी म्यूजिकल नाइट का आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। रात 10 बजे सम के धोरों पर ही रंगबिरंगी आतिशबाजी से मरु महोत्सव का समापन होगा। खाभा फोर्ट पर मरु महोत्सव के अंतर्गत रोजाना शाम 5 से 6 बजे तक पिकॉक साइटिंग पपेट शो का कार्यक्रम होगा।


जैसलमेर में शोभायात्रा कल
7 फरवरी को सुबह 9 बजे जैसलमेर सोनार दुर्ग से शोभायात्रा निकलेगी और शहीद पूनमसिंह स्टेडियम पहुंचेंगी। जहां सुबह 11 बजे मरु महोत्सव का उद्घाटन होगा। इस दौरान लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें भारतीय एवं विदेशियों में साफा बांधो, मूमल महेंद्र, मूंछ, मिस मूमल, मरुश्री, विदेशी पर्यटकों के लिए वेशभूषा की प्रतियोगिताएं तथा सेंड आर्ट डिस्प्ले का कार्यक्रम निर्धारित है।शाम 7 से रात 10 बजे तक शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में मशहूर लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, पूरणचंद वड़ाली एवं लखविंदरसिंह वड़ाली द्वारा सेलिब्रिटी म्यूजिकल नाइट का कार्यक्रम होगा।
 


maru utsav 2020 కోసం చిత్ర ఫలితం